Bihar News : स्कॉर्पियो से बकरी चुराकर भाग रहे चोरों का पुलिस ने किया पीछा, 4 बकरियां किया बरामद, वाहन किया जब्त

Bihar News : भोजपुर जिले में मुफस्सिल थाना पुलिस ने स्कार्पियो का पीछा कर चोरी की गई चार बकरियों को बरामद कर लिया। वहीँ स्कार्पियो को जब्त कर लिया........पढ़िए आगे

स्कार्पियो से बकरी की चोरी - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए बकरी चोरी करने वाले गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस की टीम ने पीछा कर चोरी की गई चार बकरियों को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, पुलिस को पास आता देख चोर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे।

घटना 12 सितंबर 2026 की देर रात करीब 12 बजे की है। मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अज्ञात चोर दो बकरियां चुराकर एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी (पंजीकरण संख्या BR01AD-3195) में लादकर उत्तर दिशा की ओर तेजी से भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की गश्ती टीम ने बिना समय गंवाए चिन्हित दिशा में घेराबंदी की और वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया।

पुलिस वाहन को पीछे आते देख चोरों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से चोर स्कॉर्पियो गाड़ी को रास्ते में ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब लावारिस छोड़ी गई स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें से कुल चार बकरियां बरामद हुईं, जिन्हें चोरों ने अलग-अलग इलाकों से चुराया था।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से बकरियों और चोरी के काम में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है। मुफस्सिल थाना पुलिस जब्त वाहन के नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार चोरों के गिरोह का पता लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आशीष की रिपोर्ट