सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर पुलिस अलर्ट, आरा के मंदिरों का एसपी ने किया निरीक्षण

सावन महीने के अंतिम सोमवारी पर मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए भोजपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड में है। रविवार को एसपी ने आरा शहर के शिवालयों में सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया....

अंतिम सोमवारी को लेकर पुलिस अलर्ट- फोटो : आशीष

Arrah : सावन महीने के अंतिम सोमवारी को लेकर भोजपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड में है। मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं।


भोजपुर एसपी ने आरा नगर के मंदिरों का लिया जायजा 

इसी क़ड़ी में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक ने आरा नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रमुख शिव मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों की सुरक्षा, प्रवेश व निकास द्वार, भीड़ प्रबंधन और शहर की यातायात व्यवस्था का गहराई से जायजा लिया।


अधिकारियों को दिए गए कड़े दिशा-निर्देश 

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को पूरी मुस्तैदी से तैनात रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतिम सोमवारी पर जल चढ़ाने और दर्शन करने आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी की समीक्षा 

पुलिस अधीक्षक ने किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार की गई योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मंदिर कमेटियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की कतारबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या न पैदा होने देने का निर्देश दिया।


प्रशासन की श्रद्धालुओं से शांति की अपील 

प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से शांतिपूर्वक और अनुशासित तरीके से पूजा-अर्चना करने का अनुरोध किया है। साथ ही, मंदिरों में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।


आशीष की रिपोर्ट