Bihar News : आरा जंक्शन पर अहमदाबाद एक्सप्रेस से गांजा की बड़ी खेप पुलिस ने किया जब्त, मौके से नाबालिग को हिरासत में लिया

Bihar News : नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है......पढ़िए आगे

गांजा की बड़ी खेप बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आरा रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 31.15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में एक विधिविरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर राजकीय रेल पुलिस आरा के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार तथा एनसीबी पटना की टीम ने आपसी समन्वय से गाड़ी संख्या 19484 में जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक विधिविरुद्ध बालक को एक ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा गया।

पूछताछ के दौरान बालक ने दोनों बैगों में गांजा रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी, आरा द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की उपस्थिति में दोनों बैगों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से गांजे के छह पैकेट, जबकि पिट्ठू बैग से एक पैकेट बरामद हुआ। इस प्रकार कुल सात पैकेटों से 31.15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

मामले में राजकीय रेल पुलिस आरा द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए विधिविरुद्ध बालक को सक्षम किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, रेल मार्ग के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए जीआरपी, आरपीएफ और एनसीबी पटना की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। बड़ी बरामदगी के बाद रेल मार्ग से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और सख्त हो गई है।

आशीष की रिपोर्ट