Bihar News: आरा–सासाराम हाईवे पर स्कॉर्पियो–अपाची के बीच हुई भीषण टक्कर, युवक की हुई दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Bihar News:होली के मौके पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में शोक और डर दोनों फैला दिए।

युवक की मौत - फोटो : ASHISH

ARA : होली के मौके पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में शोक और डर दोनों फैला दिए। आरा पीरो थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड संख्या-7 स्थित आरा–सासाराम स्टेट हाईवे पर होली के मौके पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में शोक और डर दोनों फैला दिए। गांधी चौक के समीप स्कॉर्पियो और अपाची बाइक की आमने-सामने टक्कर में 23 वर्षीय युवक जितेंद्र कुमार की मौत हो गई।

मृतक जितेंद्र बिहिया थाना क्षेत्र के समरदह गांव निवासी राजेश यादव के पुत्र थे और डीके कारमेल स्कूल के डायरेक्टर की गाड़ी चलाते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जितेंद्र बाइक से आरा की ओर आ रहे थे, तभी दूसरी ओर से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अपाची बाइक के परखच्चे उड़ गए और आसपास के लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय समाजसेवी और उपसभापति प्रत्याशी तौफीक शेख ने तुरंत एंबुलेंस को रोककर जख्मी युवक को पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. हमाद जाफर ने सिर में गंभीर चोट लगी हालत में युवक को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना के बाद भाग रही स्कॉर्पियो को पुलिस ने पीछा कर गटरिया पुल के पास पकड़ लिया। तीन लोग स्कॉर्पियो में सवार थे, जिनमें से दो शराब के नशे में पाए गए। पीरो थानाध्यक्ष दीपक कुमार साह ने बताया कि शराब पीने वाले दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि नशे में नहीं पाए गए व्यक्ति को पीआर बॉन्ड भरवा कर छोड़ दिया गया।

मृतक के परिजनों को घटना की सूचना उसके मोबाइल से दी गई। सूचना मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां परिजन के चीत्कार और बिलख ने अस्पताल परिसर को गमगीन कर दिया। पिता राजेश यादव ने बताया कि जितेंद्र परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और पांच भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर था। बड़े भाई-बहन और छोटे भाई गोलू एवं मनीशंकर की आंखें अपने भाई के निधन पर नम हो गईं। यह दर्दनाक हादसा न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे इलाके के लोगों के लिए होली के दिन मातम का रंग लेकर आया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शराब के प्रभाव में ड्राइविंग की आशंका पर भी तलाशी ली जा रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार