Bihar News: मच्छरदानी के बाहर से सांप ने डंसा, अस्पताल पहुंचने से पहले किराना दुकानदार की मौत

Bihar News:विषैले सांप के डंसने से घर में मच्छरदानी सो रहे 51 वर्षीय किराना दुकानदार की मौत हो गई...

सर्पदंश से मौत- फोटो : reporter

Bihar News: भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पसौर गांव में गुरुवार देर रात विषैले सांप के डंसने से घर में सो रहे 51 वर्षीय किराना दुकानदार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पसौर गांव निवासी श्रीभगवान साह के 51 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह गांव में ही किराना की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मृतक के छोटे भाई मनीष कुमार के अनुसार, लवकुश कुमार गुप्ता रोज की तरह गुरुवार रात खाना खाने के बाद घर में बेड पर मच्छरदानी लगाकर सोए थे। देर रात मच्छरदानी के बाहर से ही एक विषैले सांप ने उन्हें डंस लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

बताया गया कि सांप के डंसने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पहले गांव में ही एक ओझा के पास लेकर गए, जहां झाड़-फूंक कराई गई। इसके बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार गंभीर होती गई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर आरा सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने लवकुश कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार