भरत तिवारी के परिवार से मिलने पहुंचे सिंगर व अभिनेता रितेश पांडे, कहा-'यह एनकाउंटर नहीं, नृशंस हत्या है'

अभिनेता रितेश पांडे आज बिलौटी गांव पहुंच भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भरत तिवारी को समाज के वंचितों व गरीबों की आवाज उठाने वाला 'शहीद' बताया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की..

भरत तिवारी का एनकाउंटर नही, नृशंस हत्या हुई है : रितेश पांडेय- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah  : चर्चित भोजपुरी सिंगर और अभिनेता रितेश पांडे भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव पहुंचे। जहां उन्होंने एनकाउंटर में मारे गए युवा भरत तिवारी के शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। रितेश पांडे ने भरत की मां, पिता, भाई और बहन से मिलकर इस दुखद घटना पर गहरा दुख जताया। पीड़ित परिवार के आंसू पोंछते हुए सिंगर ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।


'यह एनकाउंटर नहीं, नृशंस हत्या है'

परिवार से मुलाकात करने के बाद रितेश पांडे ने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस पूरी घटना को किसी भी नजरिए से एनकाउंटर नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह सीधे तौर पर एक नृशंस हत्या है। सिंगर ने आगे कहा कि भरत तिवारी समाज के वंचितों, गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज उठाने वाले एक होनहार युवा थे, जिनकी असमय मौत ने पूरे समाज को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।


शहीद भरत तिवारी कहकर किया संबोधित

घटना की क्रूरता का जिक्र करते हुए रितेश पांडे भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "जब सबसे पहले मैंने इस पूरे मामले को देखा और सुना, तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। मेरा मन आक्रोश और गहरी पीड़ा से भर गया।" उन्होंने कहा कि समाज के लिए लड़ने वाले ऐसे युवा को हम सिर्फ भरत तिवारी नहीं कहेंगे, बल्कि वह 'शहीद भरत तिवारी' हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के हक की बात करने के कारण एक तरह से उनकी बलि दे दी गई है।


निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

भोजपुरी स्टार ने सरकार और प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे जो भी दोषी अधिकारी या लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ बिना किसी देरी के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। रितेश पांडे ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना बेहद जरूरी है ताकि कानून पर जनता का भरोसा कायम रह सके।


न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद का एलान

रितेश पांडे ने साफ किया कि वे बिलौटी गांव केवल औपचारिकता के लिए संवेदना व्यक्त करने नहीं आए हैं, बल्कि परिवार को यह भरोसा दिलाने आए हैं कि न्याय की इस लंबी लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने एलान किया, "हमारी जितनी भी क्षमता होगी, हम उसके अनुसार हर संभव योगदान देंगे, ताकि शहीद भरत तिवारी और उनके पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।" इस दौरान गांव के कई स्थानीय लोग भी वहां मौजूद रहे।


आशिष की रिपोर्ट