Bihar News: ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड जवानों को अज्ञात गाड़ी ने रौंदा, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, इलाके में गम और गुस्से का माहौल

Bihar News: बिहार की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार का खौफनाक मंजर एक बार फिर सामने आया है। ...

ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड जवानों को अज्ञात गाड़ी ने रौंदा- फोटो : reporter

Bihar News:  बिहार की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार का खौफनाक मंजर एक बार फिर सामने आया है। आरा-अरवल मार्ग पर पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो होमगार्ड जवानों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस हादसे में एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी 26 वर्षीय चंद्र मोहन सिंह के रूप में हुई है। वह होमगार्ड जवान था और फिलहाल सहार थाना में तैनात था। वहीं जख्मी जवान की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय मोहन सिंह के रूप में हुई है, जो उसी थाना में अपनी ड्यूटी निभा रहा था।

परिजनों के मुताबिक दोनों जवान विभागीय काम से बाइक पर सवार होकर सहार थाना से आरा सिविल कोर्ट के पास स्थित होमगार्ड मुख्यालय जा रहे थे। इसी दौरान पवना बाजार के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों जवान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया। हालांकि परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें आरा के ही एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान चंद्र मोहन सिंह ने आखिरी सांस ली।

घटना के बाद टाउन थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि चंद्र मोहन सिंह अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में मां सरोजा कुंअर, भाई कबीर सिंह और बहन सोनाली कुमारी हैं।इस दर्दनाक हादसे के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा पर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार