Bihar News : सोन नदी में डूबने से छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम, अवैध बालू खनन का लगाया आरोप
Bihar News : भोजपुर जिले में सोन नदी में डूबने से छात्रा की मौत हो गयी. जिसके बाद परिजनों ने सड़क जाम कर दिया......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के 34 B बालू घाट पर शनिवार को नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। छात्रा शिल्पी कुमारी (10 वर्ष), जो अनुज कुमार चंद्रवंशी की पुत्री थी, अपनी चाची अंजु कुमारी और चचेरे भाइयों अबिश व अनीश कुमार के साथ नदी में नहाने गई थी। नहाने के दौरान बालू कटाव के कारण गहरे पानी में जाने से शिल्पी डूबने लगी, जिसे बचाने के प्रयास में उसकी चाची और दोनों चचेरे भाई भी डूबने लगे।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने नदी में छलांग लगाकर चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक छात्रा शिल्पी कुमारी की जान जा चुकी थी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने खैरा चौराहा पर शव को रखकर आरा-अरवल और नासरीगंज-सकड्डी मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बालू घाट पर अवैध रूप से किए गए गहरे गड्ढों के कारण यह हादसा हुआ है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सहार थाना इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, अपर थाना अध्यक्ष सुधांशु कुमार और बिजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम में भाकपा माले के तरारी विधानसभा प्रत्याशी मदन चंद्रवंशी, मुखिया समरेश सिंह और ओम प्रकाश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शामिल थे। प्रदर्शनकारी लगातार जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मुख्य मांगें रखी हैं। उनकी प्राथमिक मांग है कि धौरी 34 B घाट पर अवैध गड्ढे कर बालू कटाई करने वाले घाट को तत्काल बंद किया जाए। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा देने और घटनास्थल पर उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग पर ग्रामीण अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा था। इस हादसे के बाद मृतक छात्रा के घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से अब तक मुआवजे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
आशीष की रिपोर्ट