Bihar Police: सब इंस्पेक्टर की हार्ट अटैक से मौत,बिहार पुलिस में शोक की लहर, सदमे में परिवार

Bihar Police: एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां डायल 112 में तैनात सब-इंस्पेक्टर की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने हार्ट अटैक से तोड़ा दम- फोटो : reporter

Bihar Police:  एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां डायल 112 में तैनात सब-इंस्पेक्टर की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। आरा (भोजपुर जिला) में इस घटना के बाद पुलिस विभाग से लेकर स्थानीय क्षेत्र तक शोक और गम का माहौल छा गया है।जानकारी के अनुसार, मृतक सब-इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार सिंह, पिता स्व. जगदीश सिंह, मूल रूप से रजैया थाना पीरो के निवासी थे और पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ आरा के जीरो माइल इलाके में रह रहे थे। उनकी तैनाती नवादा थाना क्षेत्र के डायल 112 यूनिट में थी।

बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही पलों में स्थिति गंभीर हो गई और वे गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के पुत्र बिट्टू कुमार ने बताया कि पिता रात में अपने कमरे में सामान्य रूप से सोए हुए थे, लेकिन सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बाहर निकलते ही गिर पड़े। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी सांसें थम गईं।

घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस महकमे ने इस आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बिहार पुलिस के इस अधिकारी की कार्यशैली काफी सक्रिय और अनुशासित थी, और वे ड्यूटी को लेकर हमेशा गंभीर रहते थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की औपचारिक कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं पुलिसकर्मी साथी अधिकारी के निधन को एक अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार