Bihar News : अग्निवीर जवान सुधीर कुमार का पार्थिव शरीर पहुंचा पैतृक गांव बरांव, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, इलाके में दौड़ी शोक की लहर
Bihar News : भोजपुर जिले के ग्राम पंचायत बरांव निवासी भारतीय थल सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे जवान सुधीर कुमार के निधन के बाद आज उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया।
ARA : भोजपुर जिले के पीरो प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरांव निवासी अशोक साह के पुत्र और भारतीय थल सेना में 'अग्निवीर' के रूप में कार्यरत जवान सुधीर कुमार के असमय निधन के बाद गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बरांव लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरा इलाका 'सुधीर कुमार अमर रहें' के नारों से गूंज उठा और चारों तरफ शोक की लहर दौड़ गई।
अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन और उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए गांव बरांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम लोग एकत्रित हुए। लोगों ने नम आंखों से शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा गहरे शोक में डूबे परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इस दौरान पंचायत के मुखिया श्रीराम सिंह ने जवान को नमन करते हुए कहा कि अग्निवीर सुधीर कुमार का इस तरह असमय चले जाना उनके परिवार के साथ-साथ पूरे पीरो क्षेत्र के लिए एक कभी न पूरी होने वाली क्षति है। देश सेवा के प्रति उनका जज्बा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा हम सभी के दिलों में जीवित रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी कहा कि सुधीर कुमार का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए देश प्रेम की अमर मिसाल बना रहेगा।
इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने के लिए कई प्रमुख जनप्रतिनिधि पहुंचे। जदयू पीरो प्रखंड अध्यक्ष अक्षय लाल चौधरी, जगदीशपुर प्रखंड अध्यक्ष अनुप पटेल, मुखिया श्रीराम सिंह, विपिन चौधरी, राजेश कुमार प्रजापति, वीरेंद्र साह, पप्पू साह और देवभूषण कुशवाहा समेत कई गणमान्य लोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर इस कठिन समय में हरसंभव मदद और साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे सुधीर कुमार की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस असह्य दुख को सहन करने के लिए शोकाकुल परिजनों को अपार शक्ति और धैर्य प्रदान करें।
आशीष की रिपोर्ट