Bihar News : भोजपुर के जवईनिया में कटाव निरोधक कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण; 800 मजदूरों को लगाने और युद्धस्तर पर काम का दिया निर्देश
Bihar News : जवईनिया गाँव के समीप नदी द्वारा किए जा रहे कटाव को रोकने के लिए चलाए जा रहे सुरक्षा कार्यों का जायजा लेने जिलाधिकारी खुद अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे.....पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर के जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने शाहपुर प्रखंड की दामोदरपुर पंचायत के अंतर्गत आने वाले बक्सर-कोइलवर गंगा तटबंध का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। जवईनिया गाँव के समीप नदी द्वारा किए जा रहे कटाव को रोकने के लिए चलाए जा रहे सुरक्षा कार्यों का जायजा लेने जिलाधिकारी खुद अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्य की वर्तमान स्थिति को देखा और मानसून से पहले इसे हर हाल में मुकम्मल करने की बात कही।
इंजीनियरों को साइट पर ही कैंप करने का आदेश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के प्रति बेहद कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को सख्त निर्देश दिया कि वे दफ्तर छोड़ कार्यस्थल पर ही कैंप करें। डीएम ने कहा कि कटाव निरोधक कार्य को युद्धस्तर पर और पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित विशिष्टियों (स्पेसिफिकेशन्स) के अनुरूप जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही, उन्होंने जियो बैग और अन्य जरूरी सामग्रियों की उपलब्धता में तुरंत बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए ताकि काम में कोई रुकावट न आए।
कम से कम 800 श्रमिकों को काम पर लगाने का निर्देश
काम की रफ्तार को कई गुना बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित संवेदक (ठेकेदार) को मौके पर ही कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यस्थल पर मानव बल की संख्या बढ़ाई जाए और कम-से-कम 800 श्रमिकों (मजदूरों) की प्रतिदिन प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में केवल और केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सामग्रियों का ही उपयोग होना चाहिए और सभी तकनीकी अवयवों का निष्पादन एक साथ, समन्वित रूप से किया जाए।
लाखों की आबादी और कृषि भूमि की होगी सुरक्षा
कटाव निरोधक कार्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि इस योजना का समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। इसके सफल क्रियान्वयन से गंगा नदी के तेज बहाव और कटाव से आसपास के दर्जनों गाँवों, सैकड़ों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि और मुख्य तटबंध की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित होगी। आगामी वर्षा और बाढ़ के मौसम के दौरान होने वाली संभावित तबाही को रोका जा सकेगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत और सुरक्षा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समयसीमा के भीतर इसे पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग (पटना) के बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण के मुख्य अभियंता, जगदीशपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), भोजपुर-बक्सर बाढ़ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, शाहपुर के बीडीओ, सीओ, राजस्व अधिकारी समेत संवेदक और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
आशीष की रिपोर्ट