Bihar News : क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में एसपी ने की बड़ी कार्रवाई, मुफस्सिल थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड
Bihar News : क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में आरोपियों से सांठगांठ के आरोप में भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.....पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के आरा शहर में क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई है। भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर आरोपितों के साथ कथित सांठगांठ का आरोप है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड की कड़ी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिंगही स्थित जमीन विवाद से जुड़ी हुई है।
एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर अभी मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है।
गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग पर सड़क जाम
इधर, रामकुमार सिंह के स्वजन आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी और पूरे परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने आरा-पटना हाईवे को करीब पांच घंटे तक जाम रखा, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। सड़क जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों में आक्रोश
रामकुमार सिंह की हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन और समर्थक आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन के सामने हत्याकांड का खुलासा करने, आरोपितों को गिरफ्तार करने और मृतक के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती है।
आशीष की रिपोर्ट