Bihar News : भोजपुर में दर्दनाक हादसा, मजदूर की पानी में डूबने से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धमार गांव में पानी में डूबने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमार गांव निवासी चितरंजन पासवान के रूप में हुई है......पढ़िए आगे

मजदूर की मौत - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत धमार गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पानी में डूबने से एक 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान धमार गांव निवासी राधा किशन पासवान के पुत्र चितरंजन पासवान के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चितरंजन पासवान सोमवार की शाम करीब 6 बजे शौच के लिए गांव की पश्चिम दिशा की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या अनियंत्रित होने से वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। देर शाम तक जब वे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रात में उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे परिजन एक बार फिर उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान गांव के पास पानी में उनका शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे। वे अपने पीछे पत्नी पूनम देवी, तीन बेटियों और दो बेटों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिवार पर न केवल दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, बल्कि उनके सामने गहरा आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट