Bihar Road Accident: चकमा देकर निकली गाड़ी, नदी में समा गया चावल लदा ट्रक

Bihar Road Accident: आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर मलौर पुल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।

नदी में समा गया चावल लदा ट्रक- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:  भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर मलौर पुल के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रही एक गाड़ी के चकमा देने के बाद चावल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नदी में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रक चालक संजय यादव बाल-बाल बच गया। घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक संजय यादव ट्रक पर चावल लादकर एक बीयर फैक्ट्री गया था। वहां चावल नहीं लिए जाने के बाद वह ट्रक लेकर वापस गया जिले की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चरपोखरी थाना क्षेत्र के मलौर पुल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक गाड़ी ने कथित तौर पर ट्रक को चकमा दे दिया।अचानक सामने आई गाड़ी से बचने की कोशिश में ट्रक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते चावल से लदा भारी ट्रक सड़क किनारे नदी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ट्रक के नदी में गिरने की आवाज और हादसे का मंजर देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा काफी गंभीर हो सकता था, लेकिन चालक की किस्मत ने उसका साथ दिया। ट्रक नदी में गिरने के बावजूद संजय यादव सुरक्षित बाहर निकल आया। उसे गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य कराया और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।प्राथमिक तौर पर सामने आ रहा है कि सामने से आई गाड़ी के चकमा देने के बाद ट्रक चालक ने उसे बचाने की कोशिश की और इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और हादसे में शामिल वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।हादसे के बाद आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुटने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। फिलहाल सबसे राहत की बात यही रही कि नदी में भारी ट्रक गिरने के बावजूद चालक की जान बच गई और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

रिपोर्ट- आशीष कुमार