Bihar News : भोजपुर में मुंडन संस्कार के दौरान महुली गंगा घाट पर हादसा, डूबने से दो सगे भाइयों की हुई मौत, एक का शव पुलिस ने किया बरामद
Bihar News : आरा के सिन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली गंगा घाट पर खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मुंडन संस्कार के दौरान गंगा स्नान करने गए दो सगे भाई गहरे पानी में डूब गए......पढ़िए आगे
ARA : जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के महुली गंगा घाट पर मुंडन संस्कार के दौरान गंगा स्नान करने गए दो सगे भाई गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, डूबने वालों की पहचान चंदा गांव निवासी सुदर्शन यादव के पुत्र धनु यादव (18 वर्ष) एवं सोनू यादव (16 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि परिवार के लोग मुंडन संस्कार के लिए महुली गंगा घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों भाई गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की तेज धार में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिन्हा थाना प्रभारी सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम द्वारा गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि एसडीआरएफ टीम की मदद से देर शाम गंगा नदी से धनु यादव का शव बरामद कर लिया गया। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण दूसरे किशोर सोनू यादव की तलाश रात में रोकनी पड़ी।
आशीष की रिपोर्ट