Bihar Crime News : भोजपुर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 1350 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime News : भोजपुर पुलिस ने बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1350 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। वहीँ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

तस्कर गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बिहिया थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान मौके से 1350 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया और तस्करी में शामिल दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक, भोजपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि धरहरा गांव निवासी अशोक पांडे अपने घर में खटाल की आड़ लेकर अवैध मादक पदार्थों का कारोबार चला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर अचानक दबिश देकर इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1350 ग्राम हेरोइन के अलावा ₹2,756 नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू और तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पांडे (पिता स्वर्गीय बालेश्वर) और उपेन्द्र राय (पिता शिवजी राय) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बरामद पदार्थ की वैज्ञानिक जांच और पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम (FSL) को मौके पर बुलाया है। इसके साथ ही, पुलिस अब इस गिरोह की फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंडों को पकड़ा जा सके। आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की भी गहन जांच की जा रही है। इस पूरे मामले में बिहिया थाना कांड संख्या 329/26 (दिनांक 8 अक्टूबर 2026) के तहत एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(c), 21(c) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। भोजपुर पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई को जिले में ड्रग नेटवर्क की कमर तोड़ने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आशीष की रिपोर्ट