Bihar Road Accident : भोजपुर में अनियंत्रित बस ने पांच महिलाओं सहित 6 लोगों को रौंदा, एक की हुई मौत, लोगों ने काटा जमकर बवाल
Bihar Road Accident : भोजपुर में अनियंत्रित बस ने 5 महिलाओं सहित छः लोगों को रौंद दिया. जहाँ अस्पताल जाने के दौरान एक महिला की मौत हो गयी......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर में आज सवारी बस मे पांच महिला समेत छह लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना सिन्हा थाना क्षेत्र के कुदरिया और महुली घाट के बीच की है। जबकि, चार महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिनमे दो का इलाज आरा शहर के निजी और तीन का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
बता दें कि सभी मुंडन समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को खदेड़ दिया और बस पर पत्थरबाजी की। मृतका पवना थाना क्षेत्र के खनेट गांव निवासी संजय कुमार सिंह की 55 साल की पत्नी गीता देवी है। जबकि, ज़ख्मियों में पवना थाना क्षेत्र के खनेट गांव निवासी रविंद्र राय की 50 साल की पत्नी सुनीता देवी, उसी गांव के गजेंद्र कुमार का 14 साल का बेटा शिवम कुमार, रोहतास के नासरीगंज थाना क्षेत्र के बलिगांव निवासी स्व.मुन्ना चौधरी की 45 साल की पत्नी कांति देवी और दो अन्य महिला शामिल है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस ड्राइवर को खदेड़ दिया। ड्राइवर ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस पर रोड़ेबाजी भी की। घटना की सूचना मिलते ही सिन्हा थानाध्यक्ष सुमित कुमार फौरन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बूझाकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।
मृतका के परिजन ने बताया कि गीता देवी अपने रिश्तेदार रविंद्र राय के नाती के मुंडन में शामिल होने के लिए अपने गांव से कार से मोहाली घाट जा रही थी। कुदरिया और महुली घाट के बीच कार से उतरकर सभी लोग महुली घाट पर जा रहे थे। तभी वहां खड़ी सवारी बस पीछे की तरफ घुस गई और उसी दौरान बस ने सभी को रौंद दिया। गीता देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान मौत हो गई। जख्मी कांति देवी और शिवम कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। परिजन ने उन दोनों का इलाज शहर के निजी अस्पताल में कराया है। सुनीता देवी समेत तीन लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
आशीष की रिपोर्ट