Bihar News : भोजपुर में निगरानी की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, राजस्व कर्मचारी को घूस लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, दाखिल-खारिज के लिए शिक्षक से मांगी थी रिश्वत

ARA : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गड़हनी अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्व कर्मचारी मूल रूप से औरंगाबाद जिले के खुदुआ थाना क्षेत्र के आधार बिगहा का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से गड़हनी अंचल में कार्यरत था। यह पूरी कार्रवाई जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के एवज में मांगी जा रही घूस को लेकर की गई है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण ने बताया कि परिवादी रामदेव राम, जो पेशे से एक शिक्षक हैं, ने अपनी पत्नी हेवन्ति देवी के नाम से ढाई डिसमिल जमीन खरीदी थी। इस जमीन के दाखिल-खारिज के लिए उन्होंने गड़हनी अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। लेकिन आरोपी राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार बिना पैसे लिए काम करने को तैयार नहीं था और रिश्वत न मिलने के कारण उसने कई बार दाखिल-खारिज के आवेदन को रिजेक्ट भी कर दिया था।

बार-बार परेशान किए जाने के बाद पीड़ित शिक्षक रामदेव राम ने हार मानने के बजाय इसकी लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी थाने में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत पूरी तरह सही पाई गई, जिसके बाद आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जाल बिछाया गया और निगरानी थाने में कांड संख्या 74/26 दर्ज की गई।

तय रणनीति के तहत, मंगलवार को जैसे ही शिक्षक रामदेव राम ने राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को केमिकल लगे 3,500 रुपये थमाए, वैसे ही अंचल कार्यालय में सादे लिबास में मुस्तैद निगरानी ब्यूरो की विशेष धाबा दल की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। निगरानी की टीम ने आरोपी के पास से घूस की रकम बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी ब्यूरो की टीम आरोपी राजस्व कर्मचारी जितेंद्र कुमार को अपने साथ पटना ले गई है, जहां ब्यूरो के मुख्यालय में उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस सफल कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

आशीष की रिपोर्ट