Bihar News : सोन नदी में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा, पोकलेन मशीन जब्त कर किया प्रदर्शन

Bihar News : सोन नदी में बालू के अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने बालू कारोबारियों का पोकलेन मशीन जब्त कर लिया और जमकर हंगामा किया......पढ़िए आगे

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में सोन नदी के सीने को चीर रहे बालू माफियाओं के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने अवैध खनन स्थल पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और काम को रुकवा दिया। ग्रामीणों ने न केवल अवैध रूप से चल रही पोकलेन मशीन को अपने कब्जे में लिया, बल्कि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। लोगों का कहना है कि जब इस क्षेत्र में बालू खनन के लिए कोई सरकारी बंदोबस्त (नीलामी) ही नहीं हुआ है, तो माफिया किसके शह पर नदी का अस्तित्व समाप्त कर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि सहार इलाके में बालू का खनन पूरी तरह अवैध और अनियंत्रित तरीके से चल रहा है। माफियाओं द्वारा नदी के बीचो-बीच बड़े-बड़े पोकलेन लगाकर नियमों को ताक पर रखकर खुदाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि 3 साल पहले भी इसी तरह की अवैध गतिविधियों के कारण प्रशासन ने कई पोकलेन मशीनें जब्त की थीं, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध खनन के कारण नदी का स्वरूप बदल रहा है और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँच रहा है।

अवैध खनन के कारण सोन नदी अब मौत का जाल बनती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि घाट संचालकों द्वारा मशीन से बेतरतीब खुदाई किए जाने के कारण नदी के अंदर गहरे-गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन अदृश्य गड्ढों के कारण अक्सर नहाने जाने वाले लोग और स्थानीय निवासी डूबकर अपनी जान गंवा रहे हैं। लगातार हो रही मौतों और प्रशासन की कथित अनदेखी से नाराज होकर ही आज ग्रामीणों को खुद लाठी-डंडे लेकर बालू घाट पर उतरना पड़ा ताकि कीमती जानों को बचाया जा सके।

हंगामे की सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में जुटी पोकलेन मशीन को अपने कब्जे में ले लिया और उसे थाने ले आई। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने घाट संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। लोगों का कहना है कि पुलिस और खनन विभाग की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा अवैध कारोबार चलना मुमकिन नहीं है, इसलिए इस पूरे सिंडिकेट की जांच होनी चाहिए।

फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बालू माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। सहार थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि अवैध रूप से बालू निकालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और जब्त मशीन के मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। हालांकि, ग्रामीण अब भी आशंकित हैं कि पुलिस की सुस्ती के कारण माफिया फिर से लौट सकते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लगी, तो वे जिला मुख्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। 

आशीष की रिपोर्ट