वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी, छात्र और कर्मचारी बेहाल

आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव की गंभीर समस्या ने छात्र-छात्राओं और कर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।छात्रों का कहना है कि महज हल्की बारिश के बाद ही विश्वविद्यालय परिसर जलमग्न हो जाता है....

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में जलजमाव से बढ़ी परेशानी- फोटो : आशीष

Arrah : आरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (VKSU) परिसर में बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव की गंभीर समस्या ने छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय कर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। परिसर के कई प्रमुख हिस्सों में पानी भर जाने के कारण लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।


जलनिकासी के अभाव में हर बारिश के बाद नारकीय बन जाती है स्थिति 

छात्रों का कहना है कि महज हल्की बारिश के बाद ही विश्वविद्यालय परिसर जलमग्न हो जाता है। इसके चलते नियमित पठन-पाठन और विश्वविद्यालय के कार्यालयीन कार्यों से आने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ अधिकारियों व कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


लाखों-करोड़ों के विकास फंड पर उठे सवालप्रशासन पर उदासीनता का आरोप 

स्थानीय लोगों और छात्रों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर बारिश में यही बदतर स्थिति बन जाती है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर समस्या के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। छात्रों ने सवाल उठाया है कि सिंडिकेट की बैठकों में जब विकास योजनाओं के नाम पर करोड़ों रुपये मंजूर किए जाते हैं, तो आखिर वह राशि कहां खर्च हो रही है? यदि आधारभूत संरचनाओं पर बजट खर्च हो रहा है, तो मामूली बारिश के बाद भी परिसर जलजमाव से क्यों जूझ रहा है?


छात्रों और कर्मियों ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की पुरजोर मांग 

परेशान छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए जल्द से जल्द जलनिकासी की सुदृढ़ व्यवस्था कराने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में उन्हें इस दयनीय स्थिति से राहत मिल सके। 

आशीष की रिपोर्ट