Bihar News : कॉस्मेटिक दुकान में चोरी करते पकड़ी गई महिला, पिटाई के बाद साथियों ने दुकान में मचाया जमकर तांडव

Bihar News : कॉस्मेटिक दुकान में चोरी करते महिला पकड़ी गयी. दुकादार के टोकने के बाद उसके साथ आई महिलाओं ने जमकर बवाल काटा......पढ़िए आगे

चोरी करते पकड़ी गयी महिला - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिला मुख्यालय के नगर थाना अंतर्गत गोपाली चौक के पास उस वक्त रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब 'दिल्ली धमाका कॉस्मेटिक सेल' नामक दुकान में एक महिला को चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। चोरी के आरोप में महिला की पिटाई के बाद उसकी साथ आईं अन्य महिलाओं ने दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और दुकानदारों के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, कॉस्मेटिक दुकान में खरीदारी के बहाने घुसी एक महिला को दुकान के स्टाफ ने कथित तौर पर सामान चुराते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान महिला के पास से चोरी का सामान बरामद हुआ। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकानदार महिला के पास से सामान निकाल रहे हैं और इसी दौरान कुछ कर्मियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। अपनी साथी की पिटाई होते देख उसके साथ आई अन्य महिलाएं उग्र हो गईं और दुकान पर धावा बोल दिया।

आक्रोशित महिलाओं ने दुकान में रखे सामानों को तहस-नहस कर दिया और काउंटर व अन्य फर्नीचर में तोड़फोड़ की। इस दौरान दुकानदारों और महिलाओं के बीच जमकर मारपीट और धक्का-मुक्की हुई। दुकानदार का आरोप है कि चोरी पकड़े जाने के बाद वे लोग उल्टा उन पर ही हावी हो गईं और जानबूझकर हंगामा किया ताकि पकड़ी गई महिला को छुड़ाया जा सके। महिलाओं के इस हिंसक आचरण को देख आसपास के लोग दंग रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले को शांत कराया। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि वे 'दिल्ली धमाका' के नाम से सेल चलाते हैं और चोरी की वारदात के बाद महिलाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।

आशीष की रिपोर्ट