Bihar News : भोजपुर में चलती बाइक से गिरकर महिला की संदिग्ध मौत, बेटी ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप; पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हुआ हंगामा

भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल अंतर्गत सिकरहटा थाना क्षेत्र के बागर गांव के पास बुधवार की सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालाँकि मृतिका की बेटी ने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है....पढ़िए आगे

पिता पर हत्या का आरोप - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के पीरो अनुमंडल  के सिकरहटा थाना क्षेत्र के बागर गांव के समीप बुधवार की सुबह चलती बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान बागर गांव निवासी अनिल प्रसाद की 36 वर्षीया पत्नी सुषमा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पति ने बाइक से गिरने के कारण मौत होने की बात कही है। दोनों पक्षों के विरोधाभासी बयानों से मामला उलझ गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतका के पति अनिल प्रसाद ने बताया कि बुधवार की सुबह वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से मोपती बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बागर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चकमा दे दिया। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी सुषमा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

बेटी ने पिता पर लगाया मारपीट और हत्या का आरोप

दूसरी ओर, मृतका की बड़ी बेटी अनुराधा कुमारी ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि दो दिन पूर्व भी उसके पिता ने मां के साथ मारपीट की थी। बेटी के अनुसार, उसके चाचा भी कमरे में घुसकर उसकी मां का गला दबा रहे थे। उसने आरोप लगाया कि मां जब भी नानी और मौसी से मोबाइल पर बात करती थी, तो पिता इसका विरोध करते थे। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। अनुराधा ने पट्टीदारों पर भी उसकी मां को गला घोंटकर मारने की बात कहने का आरोप लगाया। बेटी का आरोप है कि उसके पिता दोनों बेटियों को यह कहकर ले गए कि उनकी मां बुला रही है, लेकिन मां को उनसे मिलाने के बजाय बगीचे में ले जाकर मार डाला। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम गृह के पास देवर की पिटाई, अफरा तफरी

पोस्टमार्टम के दौरान जब मृतका का देवर पोस्टमार्टम गृह के पास पहुंचा, तो मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद उन्होंने बेल्ट और थप्पड़ से उसकी पिटाई कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई।

एफएसएल टीम ने की जांच, पुलिस खंगाल रही सभी पहलू

सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बाइक के गड्ढे में पड़ जाने से महिला के गिरने और उसकी मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि मृतका को दो बेटियां पल्लवी कुमारी और अनुराधा कुमारी तथा दो बेटे आदर्श कुमार और शिवम कुमार हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आशीष की रिपोर्ट