Road Accident In Bihar: वाहन चेकिंग के दौरान काल बना हाइवा! दो ट्रकों के बीच दबा सिपाही, दर्दनाक मौत से हड़कंप
Road Accident In Bihar: बिहार के अरवल में वाहन चेकिंग के दौरान सिपाही की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि रिवहन विभाग की टीम नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी।
Road Accident In Bihar: बिहार के अरवल से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां वाहन चेकिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में परिवहन विभाग के एक सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 10:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) विपुल शेखर के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही थी।
दोनों ट्रक के बीच दबा सिपाही
इस दौरान परिवहन सिपाही (BMS) मुकेश कुमार और गौतम कुमार एक ट्रक को रोककर उस पर जुर्माना की प्रक्रिया में लगे हुए थे। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मुकेश कुमार दोनों गाड़ियों के बीच में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गौतम कुमार टक्कर की वजह से दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों को नहीं दी जाती सुविधा
बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार मूल रूप से बक्सर जिले के रहने वाले थे। इस घटना के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है। इधर विभागीय कर्मचारियों के बीच यह भी चर्चा है कि परिवहन विभाग को हर साल 4000 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया जाता है, लेकिन फील्ड में काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। कई जगहों पर न तो वाहन की सुविधा है और न ही पर्याप्त संसाधन, जबकि राजस्व वसूली का दबाव लगातार बना रहता है।
पिछले दिन दो कर्मियों की मौत
गौरतलब है कि पिछले एक साल में परिवहन विभाग के दो कर्मियों की ड्यूटी के दौरान मौत हो चुकी है। इससे पहले दरभंगा में प्रवर्तन अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार की भी ड्यूटी के दौरान हादसे में जान चली गई थी। अब इस ताजा घटना के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
धीरज की रिपोर्ट