Bihar News : औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा विवाद में फंसे, धीरेन्द्र शास्त्री पर टिप्पणी और भगवान राम-कृष्ण पर दिए बयान से गरमाई राजनीति

Bihar News : देव छठ महोत्सव के मंच से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पाखंडी और ढोंगी करार देने वाले औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा खुद बड़े विवादों में घिर गए हैं।

सांसद पर पलटवार - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : देव छठ महोत्सव के मंच से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री को पाखंडी और ढोंगी बताना औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा को भारी पड़ गया। अपने ही संबोधन में उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम को सातवां और श्रीकृष्ण को आठवां पुत्र बता दिया। अब सांसद की इस बयानबाजी पर ही सवाल खड़े हो गए हैं।

लव कुमार सिंह का कठोर पलटवार

नवीनगर विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी रहे लव कुमार सिंह ने सांसद के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि वे बागेश्वर बाबा के प्रवक्ता नहीं हैं, लेकिन सांसद पद की गरिमा को देखते हुए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना कहीं से भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा,सांसद कितने विद्वान हैं, इसका अंदाजा इसी से लगा लीजिए कि उन्होंने प्रभु राम को सातवां पुत्र और कृष्ण को आठवां पुत्र बता दिया। हमें तो पता नहीं था कि प्रभु राम से भी बड़े छह भाई थे। और यही आदमी दूसरे को पाखंडी बता रहे हैं।"

"एक ही कॉलेज में पढ़े हैं, सब जानते हैं"

लव कुमार सिंह ने कहा कि वे और सांसद दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। वे ठिठोली करते हुए चलते थे और हम क्रिकेट खेलते थे। कौन कितना विद्वान था, यह हम दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।" औरंगाबाद की गरिमा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह अनुग्रह बाबू की धरती है। यहां के सांसद सत्येंद्र नारायण सिंह हुआ करते थे, जिनकी आवाज को पूरा सदन खामोश होकर सुनता था। यहां की सांसद श्यामा जी थीं, जिनका अंग्रेजी भाषण पूरी दुनिया सुनती थी। यह संसदीय क्षेत्र रमेश बाबू, मुद्रिका बाबू और नवीनगर की महारानी जी का था, जिनका नाम पूरा देश जानता था। आज वहीं सांसद की भाषा औरंगाबाद की गरिमा को मिट्टी में मिला रही है।

मर्यादित भाषा का इस्तेमाल

उन्होंने यह भी कहा कि जिस वाक्य को लेकर बागेश्वर बाबा पर आरोप लगाया जा रहा है, उसके लिए वे क्षमा मांग चुके हैं। इसके बाद भी उनके प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। सांसद को अपनी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। छठ महोत्सव के मंच से शुरू हुआ यह विवाद अब औरंगाबाद की राजनीति में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया है।

दीनानाथ की रिपोर्ट