देव नगरी में 1.11 लाख दीपों से जगमगाई गंगा आरती, आईजी विकास वैभव ने की छठ तैयारियों की समीक्षा

देव में एक लाख 11 हजार दीपों की रोशनी से पूरी देव नगरी जगमगा उठी। बनारस से पहुंचे आचार्यों और पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की भव्य आरती की।

Dev Chhath Festival- फोटो : news4nation

Bihar News :  औरंगाबाद के ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी देव में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नहाय-खाय (बरवना) की रात त्रेतायुगीन कुष्ठ निवारण तालाब के तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान एक लाख 11 हजार दीपों की रोशनी से पूरी देव नगरी जगमगा उठी। बनारस से पहुंचे आचार्यों और पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की भव्य आरती की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मगध जोन के आईजी विकास वैभव शामिल हुए।


छठ पूजा समिति की ओर से आईजी विकास वैभव का अंगवस्त्र और देव का प्रतीक चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में देव से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में उन्हें औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवा करने का अवसर मिला था। आज एक बार फिर इस पावन धरती पर आप सभी के सहयोग से गंगा आरती में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।


छठ मेले में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्था

आईजी विकास वैभव ने देव में आयोजित होने वाले चार दिवसीय छठ मेले को लेकर श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मुफ्त टेंट सिटी और आवासन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क वाहन परिचालन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।


उन्होंने बताया कि मेले के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारी की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।


डीएम और एसपी के साथ आईजी ने की गंगा आरती

कार्यक्रम के दौरान मगध जोन के आईजी विकास वैभव, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से मां गंगा की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। बनारस से आए आचार्यों और पंडितों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ पूरे विधि-विधान से आरती संपन्न कराई। एक लाख 11 हजार दीपों की जगमगाती रोशनी ने इस धार्मिक आयोजन को भव्य और आकर्षक बना दिया।


श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त चिकित्सा और एंबुलेंस की सुविधा

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में आईजी विकास वैभव ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि छठ मेले में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं हो। इसके लिए टेंट सिटी, आवासन, निःशुल्क वाहन परिचालन, मुफ्त चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा सहित सभी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निश्चिंत होकर देव आने और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सुरक्षित और निर्विघ्न तरीके से पूजा संपन्न कर सकें, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

दीनानाथ का रिपोर्ट