CHHATH PUJA 2026 : भगवान भास्कर की नगरी देव में चार दिवसीय कार्तिक छठ मेले का भव्य उद्घाटन, मंत्री दिलीप जायसवाल ने की कई बड़ी विकास घोषणाएं

मेले का उद्घाटन - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : भगवान भास्कर की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी देव (औरंगाबाद) में आयोजित होने वाले चार दिवसीय विश्व प्रसिद्ध कार्तिक छठ महापर्व मेले का आज विधिवत और भव्य उद्घाटन किया गया। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने जिला प्रभारी मंत्री राम निषाद, औरंगाबाद सांसद अभय कुमार सिन्हा, काराकाट सांसद राजाराम सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा फीता काटकर इस पावन मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सभी विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र और भगवान भास्कर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

उद्घाटन समारोह में जिले के तमाम प्रमुख जनप्रतिनिधियों और आला अधिकारियों की एकजुटता देखने को मिली। मंच पर एमएलसी दिलीप सिंह, सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, ओबरा विधायक प्रकाश चंद्रा, गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा, रफीगंज विधायक प्रमोद सिंह तथा कुटुंबा विधायक ललन भुइयां विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर औरंगाबाद की जिला पदाधिकारी (DM) अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) उपेंद्रनाथ वर्मा ने सभी अतिथियों की अगवानी की और मेले की चाक-चौबंद सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने देव की धार्मिक महत्ता को नमन किया और औरंगाबाद जिले के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) से लेकर देव सूर्यकुंड तालाब तक संपूर्ण मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने देव छठ मेले को और अधिक भव्य व सुव्यवस्थित बनाने के लिए भविष्य में कई बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी आश्वासन दिया।

जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को नई गति देने के उद्देश्य से मंत्री डॉ. जायसवाल ने एक और ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से कुटुंबा प्रखंड में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए बड़े पैमाने पर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने विश्वास जताया कि इस औद्योगिक कॉरिडोर के निर्माण से न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि यह परियोजना पूरे औरंगाबाद जिले के आर्थिक विकास में चार चांद लगाने का काम करेगी।

चार दिवसीय इस कार्तिक छठ मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरी देव नगरी छठ मइया के गीतों और आस्था के रंग में सराबोर हो गई है। देश-विदेश से लाखों की संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि महापर्व का यह आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और यादगार बन सके।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट