Bihar News: औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
Bihar News: औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई
Bihar News: औरंगाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गुरुवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के समीप स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार से थे। इस हादसे में परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग वाराणसी से अपने पैतृक गांव नवादा के सलेमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद में रतनुआ पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम समेत दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में भगवान दास के पुत्र नीतीश चौहान और उनकी बहन घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सलेमपुर गांव में भी शोक की लहर है।
रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर