Bihar News : बांका में शॉर्ट सर्किट से कप-प्लेट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, करोड़ों की सम्पत्ति जलकर हुई राख

Bihar News : बांका में शॉर्ट सर्किट से कप-प्लेट फैक्ट्री में भीषण आग लग गयी. इस वजह से करोड़ों की सम्पत्ति जलकर राख हो गयी है......पढ़िए आगे

भीषण आग से करोड़ों की सम्पत्ति राख - फोटो : SOCIAL MEDIA

BANKA : बांका शहर के विजयनगर मोहल्ला स्थित एक कप और प्लेट बनाने वाली फैक्टरी में बुधवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्टरी धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते परिसर में रखा कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनें जलकर राख हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय अचानक फैक्टरी के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। आग की चपेट में आकर फैक्टरी परिसर में खड़ा एक ई-रिक्शा, दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी पूरी तरह जल गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास के रिहायशी मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फैक्टरी मालिक प्रमोद साह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। उन्होंने बताया कि आग से करोड़ों रुपये की क्षति हुई है। मशीनें, कच्चा माल और तैयार सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट