Bihar Road Accident : बांका में तेज रफ्तार कार ने ऑटो में मारी टक्कर, महिला समेत 10 लोग हुए जख्मी, एक की हालत नाजुक
BANKA : बांका के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत इंगलिशमोड़–शंभुगंज मुख्य पथ पर नगरडीह गांव के समीप गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में महिला समेत दस लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। यहां डॉ. दिवाकर सिंह ने प्राथमिक उपचार किया।
घायलों में सुलतानगंज थाना क्षेत्र के उदाडीह गांव निवासी पंचु राम की पत्नी मीरा देवी, दिलखुश यादव, कमराय रामपुर निवासी किशोर राम की पत्नी नीलम देवी, मोहित कुमार, मुन्ना राम की पत्नी रिंकी देवी, सुशीला देवी, नीतु देवी, रिंकु देवी, रानी कुमारी एवं विवेक कुमार शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार विवेक कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल दिलखुश यादव ने बताया कि वे लोग दो दिन पहले अमरपुर थाना क्षेत्र के बड़ी भैड़ा गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार सुबह ऑटो रिजर्व कर पूरा परिवार सुलतानगंज लौट रहा था, तभी नगरडीह के पास इंगलिशमोड़ की ओर से तेज गति से आ रही कार ने नियंत्रण खोकर ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट