बेगूसराय में रक्षाबंधन की रात वारदात: छत पर सो रही महिला को बदमाशों ने मारी गोली,हालत गंभीर

सिंघौल थाना क्षेत्र के आकाशपुर गांव में रक्षाबंधन की रात भीषण गर्मी के कारण घर की छत पर सो रही 26 वर्षीय महिला को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी।गंभीर हालत में महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी,पुलिस जांच में जुटी

बेगूसराय महिला को गोली मारी- फोटो : Reporter

बिहार के बेगूसराय जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र अंतर्गत आकाशपुर गांव में रक्षाबंधन की रात एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। घर की छत पर अपने परिवार के साथ सो रही एक 26 वर्षीय महिला को बेखौफ बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।


गर्मी के कारण छत पर सो रहा था परिवार

घायल महिला की पहचान आकाशपुर गांव के वार्ड संख्या-8 निवासी रघुवंश पासवान की पत्नी राखी कुमारी के रूप में हुई है। पीड़ित पति रघुवंश पासवान ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ छत पर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात बदमाशों ने छत पर चढ़कर उनकी पत्नी को गोली मार दी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही महिला छटपटाने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।


सदर अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर, हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद परिजन घायल राखी कुमारी को लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल महिला की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।


घटनास्थल पर पहुंचे सदर डीएसपी, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस और सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद डीएसपी अस्पताल पहुंचकर घायल महिला की स्थिति का जायजा लिया। सदर डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना के हर पहलू की पड़ताल जारी है।


वारदात की वजह पर सस्पेंस, जांच में जुटी पुलिस

रंजिश या आपसी विवाद के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। महिला के पति ने किसी भी व्यक्ति से दुश्मनी होने की बात से साफ इनकार किया है। पुलिस आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और अन्य संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बेगूसराय से अजय कुमार शास्त्री की रिपोर्ट