Bihar News : बेगूसराय में अतिक्रमण हटाने पहुंचे अंचलाधिकारी पर जानलेवा हमला, सुरक्षा गार्ड की तत्परता से बचे CO, 7 अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर

Bihar News : सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंचे अंचलाधिकारी रानू कुमार पर अतिक्रमणकारियों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गयी.....पढ़िए आगे

सीओ पर जानलेवा हमला - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंचे अंचलाधिकारी रानू कुमार पर अतिक्रमणकारियों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए विवाद के दौरान पीछे से लोहे की रॉड से सीओ पर वार करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके सुरक्षा गार्ड की तत्परता से हमला विफल हो गया। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। घटना बुधवार शाम बनवारीपुर गांव के समीप लखनपुर-बनवारीपुर के बीच बलान नदी के एप्रोच पथ पर हुई। घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी बुलाकर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गईं सात कठरा दुकानों को ध्वस्त कर दिया।

नशीले पदार्थों के कारोबार की शिकायत पर पहुंचा था प्रशासन

अंचलाधिकारी रानू कुमार के अनुसार, एप्रोच पथ पर सड़क के दोनों ओर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर सात कठरा दुकानें बनाई गई थीं। स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही थी कि इन दुकानों में कथित रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार होता है। इसके अलावा दुकानों के कारण एप्रोच पथ पर आवागमन में भी परेशानी हो रही थी। प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमणकारियों को सरकारी जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। बुधवार शाम सीओ अतिक्रमणकारियों को समझाने और सरकारी जमीन खाली करने के लिए पहुंचे थे।

समझाने के दौरान बढ़ा विवाद, लाठी-डंडे चले

बताया गया कि सरकारी जमीन खाली करने की बात पर अतिक्रमणकारी भड़क गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से सीओ पर वार करने का प्रयास किया। हालांकि, सुरक्षा गार्ड ने समय रहते वार को रोक दिया और सीओ को सुरक्षित बचा लिया। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाने की एसआइ प्रिया कुमारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचते ही स्थिति को नियंत्रित किया गया।

सात नामजद समेत 10 पर प्राथमिकी

अंचलाधिकारी रानू कुमार के लिखित आवेदन पर भगवानपुर थाने में रौशन पासवान, सुंदर पासवान, रिंकू देवी, हजारी देवी, रिशु पासवान, रोहित पासवान, शंकर सहित सात नामजद और तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है।

किराया वसूली और धमकी देने का भी आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त स्थान पर दुकानें लगाकर अवैध रूप से किराया वसूली की जाती थी। विरोध करने वाले लोगों को डराने-धमकाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से एप्रोच पथ पर जाम और कथित असामाजिक गतिविधियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर संतोष जताते हुए सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण नहीं होने देने और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्ती बरतने की मांग की है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट