Bihar News : बेगूसराय में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, एसटीएफ ने घेरा, दरभंगा लूटकांड से जुड़े तार

BEGUSARAI : बिहार के बेगूसराय जिले में शनिवार को पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक पर, जो समस्तीपुर और बेगूसराय का सीमावर्ती इलाका है, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अपराधियों को घेर लिया। यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि कुछ कुख्यात अपराधी एक स्थानीय होटल में छिपे हुए हैं। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस को भी मोर्चा संभालना पड़ा।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जवाबी फायरिंग में एक अपराधी को गोली भी लगी है, लेकिन वह घायल अवस्था में भागने में सफल रहा। फिलहाल, एसटीएफ और भारी संख्या में पुलिस बल ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। झाड़ियों और आसपास के घरों में छिपे अन्य अपराधियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन का नेतृत्व बेगूसराय के सदर डीएसपी आनंद पांडेय कर रहे हैं। उनके साथ बछवारा, मंसूरचक और तियाय थाने की पुलिस टीम के अलावा एसटीएफ के जवान भी मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपराधियों के पास अत्याधुनिक हथियार होने की संभावना है, जिसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है और आम लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

इस मुठभेड़ के तार शुक्रवार को दरभंगा में हुई दो करोड़ रुपये की बड़ी लूट से जोड़कर देखे जा रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि इस होटल में ठहरे अपराधी उसी गिरोह का हिस्सा हैं जिसने दरभंगा में इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। बिहार पुलिस पिछले कुछ दिनों से अपराधियों की सूची तैयार कर लगातार एक्शन मोड में है, और यह मुठभेड़ उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता फरार और घायल अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ना है। नारायण चौक के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सघन तलाशी ली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही गिरफ्तार अपराधियों की पहचान और बरामद हथियारों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। 

अजय शास्त्री की रिपोर्ट