गिरिराज सिंह का विपक्ष पर तीखा हमला: बोले—‘कौवा कान ले गया’ के भ्रम में न रहें, UCC और SIR पर साधा निशाना
बीजेपी के फायर ब्रांड नेता व केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एकबार फिर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी विरोधी ताकतों की हालत उस कहावत जैसी है, जैसे किसी के यह कहने पर कि 'कौवा कान लेकर उड़ गया'.....
Begusarai : बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय कपड़ा मंत्री सह सांसद गिरिराज सिंह ने विपक्ष, खासकर महागठबंधन पर जोरदार हमला बोला। यूजीसी (UGC/UCC) विवाद और निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी विरोधी ताकतों की हालत उस कहावत जैसी है, जैसे किसी के यह कहने पर कि 'कौवा कान लेकर उड़ गया', लोग अपना कान देखे बिना ही कौवे के पीछे भागने लगते हैं।
‘UGC न लागू हुआ है और न होगा, फैलाया जा रहा भ्रम’
यूजीसी (UGC/UCC) को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग बेवजह अफवाह फैलाकर समाज को बांटने में जुटे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, वह पूरी तरह निराधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी ताकतें स्वर्ण-दलित और ओबीसी-दलित के बीच खाई पैदा करने की नाकाम कोशिश कर रही हैं, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 'उत्कृष्ट भारत' और 'आत्मनिर्भर भारत' की ओर बढ़ रहा है।
SIR यात्रा पर तंज: ‘बांग्लादेशियों को वोट बैंक बनाने का खेल नहीं चलेगा’
SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) मुद्दे पर तेजस्वी यादव और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि विपक्षी नेता दो महीने तक यात्रा निकालकर जिलों-जिलों में घूमते रहे, लेकिन चुनाव आयोग के पास जाकर ऐसा एक भी नाम प्रस्तुत नहीं कर सके जिस पर कोई ठोस आपत्ति हो। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष घुसपैठियों और बांग्लादेशी मुसलमानों को अपना वोट बैंक बनाना चाहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि "जब तक देश में एनडीए की सरकार है, दुनिया की कोई ताकत बांग्लादेशियों को भारत में वोट बैंक नहीं बनने देगी।"
‘कसाई के श्राप से गाय नहीं मरती’
विपक्ष के लगातार विरोध और बयानों पर चुटकी लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'कसाई के श्राप देने से कभी गाय नहीं मरती, हम लोग तो गाय की पूजा करने वाले लोग हैं।' उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार वास्तविक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट