Bihar News : शहीदों के सम्मान में बेगूसराय पहुंचे राज्यपाल सैयद अता हसनैन, बोले- विकसित बिहार से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना...

Bihar News : बेगूसराय जिला प्रशासन की ओर से 'हॉल ऑफ फेम' का निर्माण कराया गया है। इस खास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने विशेष रूप से शिरकत की.....पढ़िए आगे

बेगूसराय पहुंचे महामहिम - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक के बाद अब बेगूसराय में देशभक्ति और शहादत का माहौल देखने को मिला। मौका था देश के वीर जवानों की शहादत और उनके बलिदान को याद करने का। इस खास अवसर पर बेगूसराय में जिला प्रशासन की ओर से हॉल ऑफ फेम का निर्माण कराया गया, जहां देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही साथ लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार समेत वीर सपूतों की श्रद्धांजलि अर्पित किया।कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश के वीर जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने मीडिया और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि देशभक्ति और वीर जवानों के बलिदान की कहानियों को लगातार लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनसे प्रेरणा ले सकें। दरअसल, बेगूसराय में आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले लेफ्टिनेंट ऋषि कुमार के माता-पिता ने उनसे मुलाकात कर इस कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया था। उन्होंने परिजनों को कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया था और अपना वादा निभाते हुए यहां पहुंचे।

राज्यपाल ने जिला प्रशासन की व्यवस्था और हॉल ऑफ फेम के निर्माण की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ने देश को ऐसे कई वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे वीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का वातावरण केवल एक दिन नहीं, बल्कि समय-समय पर समाज के बीच तैयार किया जाना चाहिए। वहीं बिहार के विकास पर अपनी बात रखते हुए राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने कहा कि बिहार देश का सेंटर ऑफ ग्रेविटी है। करीब 13 करोड़ की आबादी वाले इस राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरी तरह साकार होगा, जब बिहार भी विकसित होगा। 

उन्होंने कहा कि बिहार में अच्छी सरकार और बेहतर नेतृत्व मौजूद है। हालांकि, उच्च शिक्षा को और मजबूत करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था में और सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की प्रगति की यात्रा शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।सेना के अनुशासन, समर्पण और बलिदान पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सेना का वातावरण दूसरे क्षेत्रों से बिल्कुल अलग होता है। वह खुद करीब 40 वर्षों तक सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उनके पिता भी सेना में रहे थे। उन्होंने कहा कि सेना का हर जवान एक लक्ष्य लेकर चलता है और उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करता है।

उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिकों को देखकर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। देश की सुरक्षा में जवानों का योगदान अतुलनीय है।बेगूसराय की धरती और यहां की कृषि क्षमता की तारीफ करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वह दूसरी बार बेगूसराय आए हैं। रास्ते में चारों तरफ पानी और हरियाली देखकर उन्हें इस क्षेत्र की प्राकृतिक संपन्नता का एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी बेहद उपजाऊ है और यहां उत्पादन की असीम संभावनाएं हैं। जरूरत है इन संभावनाओं को सही तरीके से विकसित करने की।कुल मिलाकर बेगूसराय में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों की शहादत, उनके त्याग और बलिदान को याद करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बना। राज्यपाल ने जिस तरह वीर जवानों के सम्मान और देशभक्ति की भावना को समाज में जीवित रखने का संदेश दिया, उससे निश्चित रूप से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट