बेगूसराय में SIR के खिलाफ 'इंडिया' गठबंधन का हल्लाबोल: मोदी, शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला
Begusarai : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका के विरोध में गुरुवार को बेगूसराय शहर के उत्तरी द्वार स्थित कैंटीन चौक पर 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के घटक दलों—कांग्रेस, राजद एवं अन्य सहयोगी पार्टियों—ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारी संख्या में जुटे नेताओं और कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से पूरा कैंटीन चौक गूंज उठा।
PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। विपक्ष ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता और पारदर्शिता खो चुका है और SIR के बहाने आम मतदाताओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग की। विपक्षी नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और इसमें किसी भी तरह की धांधली या पारदर्शिता की कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
'जनता के मताधिकार की रक्षा तक जारी रहेगा संघर्ष'
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि SIR का मुद्दा केवल एक राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि देश के नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार और चुनाव आयोग जनता की आशंकाओं का संतोषजनक समाधान नहीं करते, तब तक सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रहेगा।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट