Bihar Crime : बेगूसराय में DCLR की नेम प्लेट लगी स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, मौके से तीन तस्कर हुए गिरफ्तार

Bihar Crime : बेगूसराय में DCLR की नेम प्लेट लगी एक स्कॉर्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।

अधिकारी की गाड़ी से शराब बरामद - फोटो : AJAY SHASTRI

BEGUSARAI : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। इसके बावजूद शराब तस्कर कानून को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय से सामने आया है, जहां बखरी DCLR (भूमि सुधार उप समाहर्ता) की नेम प्लेट लगी स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। सरकारी अधिकारी के नाम और पद की नेम प्लेट लगी गाड़ी से शराब बरामद होने की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे से लेकर आम लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस स्कॉर्पियो का इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जा रहा था, उस पर बखरी DCLR की नेम प्लेट लगी हुई थी। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर शराब तस्करों को सरकारी अधिकारी के नाम की नेम प्लेट लगाने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या पुलिस की जांच से बचने के लिए सरकारी पद का सहारा लिया जा रहा था या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित रणनीति थी? इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।

तीन तस्कर गिरफ्तार, शराब बरामद

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

सदर डीएसपी प्रशांत कुमार ने की पुष्टि..

इस पूरे मामले की पुष्टि बेगूसराय के सदर डीएसपी प्रशांत कुमार ने की है। पुलिस अब बरामद शराब, स्कॉर्पियो और सरकारी अधिकारी की नेम प्लेट के इस्तेमाल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गाड़ी पर लगी नेम प्लेट वास्तविक थी या फिर तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से इसका इस्तेमाल किया था।

सरकारी पहचान की आड़ में तस्करी का खेल?

इस घटना ने शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और तस्करों के नए-नए हथकंडों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर सरकारी अधिकारी के पदनाम का इस्तेमाल जानबूझकर तस्करी के लिए किया गया है, तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। सरकारी पहचान की आड़ में अवैध कारोबार करने की कोशिश कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है। बहरहाल, तीन तस्करों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में विदेशी शराब की बरामदगी के बाद अब सबकी नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंच पाएगी और सरकारी अधिकारी की नेम प्लेट के इस्तेमाल के पीछे की असली कहानी सामने ला पाएगी?

अजय शास्त्री की रिपोर्ट