Bihar News: सदर अस्पताल में धधकी आग, मची अफरा-तफरी, सुरक्षाकर्मियों की फुर्ती से टला बड़ा हादसा

Bihar News:सदर अस्पताल स्थित चिल्ड्रेन वार्ड के एक हिस्से में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।...

सदर अस्पताल में धधकी आग- फोटो : social Media

Bihar News:सदर अस्पताल स्थित चिल्ड्रेन वार्ड के एक हिस्से में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। बेगूसराय में रविवार शाम एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने हाल ही में मुजफ्फरपुर के दर्दनाक अग्निकांड की यादें ताजा कर दीं। शहर के सदर अस्पताल स्थित चिल्ड्रेन वार्ड के एक हिस्से में अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया। वार्ड में भर्ती मासूम बच्चों के परिजन जान बचाने की फिक्र में उन्हें गोद में उठाकर सुरक्षित जगहों की तरफ दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अस्पताल में सब कुछ सामान्य ढंग से चल रहा था। मरीजों का इलाज जारी था और वार्डों में नियमित गतिविधियां संचालित हो रही थीं। तभी चिल्ड्रेन वार्ड के मीटिंग हॉल से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुएं ने पूरे इलाके को अपनी गिरफ्त में ले लिया और कमरे के भीतर आग की लपटें भड़क उठीं। आग की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।

हालात की नजाकत को भांपते हुए महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग को फैलने से रोका। इसके बाद अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और फायर सेफ्टी उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पा लिया। उनकी फुर्ती और मुस्तैदी ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

अग्निकांड में दो कुर्सियां, एक पंखा और एक पर्दा जलकर खाक हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे, मरीज या अस्पताल कर्मी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। प्राथमिक तफ्तीश में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बता दें  कि कुछ दिन पहले ही मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड में सात लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में बेगूसराय की यह घटना स्वास्थ्य संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अस्पताल की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।