Bihar News: आधी रात में प्रशासन ने चलाया ऑपरेशन अनशन, होमगार्ड अभ्यर्थियों पर हुई सख़्त कार्रवाई, NH-31 बना रणक्षेत्र

Bihar News:तीन दिनों से समाहरणालय परिसर में आमरण अनशन पर डटे अभ्यर्थियों को अचानक पहुंची प्रशासनिक टीम ने बसों में बैठाकर कस्टडी में ले लिया...

होमगार्ड अभ्यर्थियों पर हुई सख़्त कार्रवाई- फोटो : reporter

Bihar News: होमगार्ड अभ्यर्थियों का आंदोलन उस वक्त ड्रामाई मोड़ पर पहुंच गया, जब होली की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन ने देर रात ऑपरेशन अनशन चलाकर चार सौ से अधिक अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया। बिहार के बेगूसराय में तीन दिनों से समाहरणालय परिसर में आमरण अनशन पर डटे अभ्यर्थियों को अचानक पहुंची प्रशासनिक टीम ने बसों में बैठाकर कस्टडी में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और खलबली मच गई।

जानकारी के मुताबिक, 419 चयनित अभ्यर्थी साल 2025 में विधानसभा चुनाव से पहले ज्वाइनिंग की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। फिजिकल और मेडिकल टेस्ट पास करने के बावजूद नियुक्ति पत्र न मिलने से युवाओं में गहरा रोष था। उनका इल्ज़ाम है कि विधायक, मंत्री और केंद्रीय मंत्री तक दरख़्वास्त दी गई, मगर हर तरफ से सिर्फ तसल्ली और आश्वासन मिला।

तीन मई को गृह रक्षा वाहिनी के समादेष्टा द्वारा 13 मार्च को दोबारा टेस्ट लेने की बात कही गई, लेकिन अभ्यर्थियों ने इसे नाइंसाफी करार देते हुए अनशन खत्म करने से इनकार कर दिया। इसी दरम्यान मंगलवार की देर शाम प्रशासन ने सख़्त कदम उठाते हुए आंदोलनकारियों को बसों में भरकर एमएच-31 होते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और फिर हर्ल ग्राउंड ले जाया।

हर्ल गेट के सामने एनएच-31 पर हालात रणक्षेत्र जैसे नजर आए। भारी तादाद में महिला और पुरुष पुलिस फोर्स तैनात रही। ग्राउंड में अभ्यर्थियों को बस से उतारकर दौड़ाया गया, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अंकित कुमार को भी हिरासत में लिया गया है।

इससे पहले पप्पू यादव और मटिहानी विधायक बोगो सिंह ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया था। मगर प्रशासनिक सख्ती के बाद अब पूरे शहर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है।

होली की रंगीन फिजा में जहां गुलाल उड़ना था, वहां अब सायरन की आवाज़ और बूटों की धमक गूंज रही है। सवाल बरकरार है क्या इन युवाओं को इंसाफ मिलेगा या यह मामला भी सियासी वादों की फाइलों में दफ्न हो जाएगा?

रिपोर्ट- अजय शास्त्री