बेगूसराय में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, संचालक समेत 3 गिरफ्तार

बिहार में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। बेगूसराय में पुलिस और विशेष जांच दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रही एक मिनी गन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया है...

बेगूसराय में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Begusarai : बिहार में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार को बेगूसराय जिले के बलिया थाना अंतर्गत बरबीघी बहियार इलाके में पुलिस और विशेष जांच दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित हो रही एक मिनी गन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया है। सुरक्षाबलों ने मौके से गन फैक्ट्री के संचालक और हथियार बनाने वाले कारीगरों सहित कुल तीन अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।


वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त छापेमारी

यह पूरी कार्रवाई SOG/STAW- 01 टीम से मिली सटीक तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर की गई। वरीय पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक शेख साबिर के कुशल दिशा-निर्देशन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें SOG-01, आर्म्स सेल (ARMS CELL), जमालपुर की हिट/स्वाट (Hit/Swat) टीम, SOG-03, खगड़िया के अभियान दल-12 और बलिया थाना की पुलिस शामिल थी। इस भारी पुलिस बल ने बरबीघी बहियार में अचानक घेराबंदी कर छापेमारी की, जिससे तस्करों को भागने का मौका नहीं मिला।

दो निर्मित पिस्टल, जिंदा कारतूस और बेस मशीन समेत भारी मात्रा में उपकरण जब्त

मिनी गन फैक्ट्री से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामानों की सूची में 02 देशी पुनर्निर्मित पिस्टल, 05 मैग्जीन, 7.65mm के 04 जिंदा कारतूस और 02 खोखे शामिल हैं। इसके अलावा मौके से हथियार ढालने और फिनिशिंग देने वाली 02 बेस मशीन, 01 हैंड ड्रिल मशीन, 12 रेती, 03 हथौड़ी, 02 हेक्सा ब्लेड, एक स्मार्टफोन, 4,600 रुपये नकद और एक अपाचे (Apache) मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।


मुंगेर के दो शातिर कारीगर और बेगूसराय का स्थानीय संचालक दबोचा गया

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हथियार बनाने में माहिर मुंगेर जिले के दो पेशेवर कारीगर और बेगूसराय का एक स्थानीय तस्कर शामिल है। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद असीम उर्फ टार्ज़न (पिता- स्वर्गीय मो. गुलशेर) व मोहम्मद शमशाद (पिता- स्वर्गीय मो. कमरुद्दीन), दोनों निवासी ग्राम- मिर्जापुर वर्धा, थाना- मुफस्सिल, जिला- मुंगेर तथा बालेश्वर महतो (पिता- स्वर्गीय हरखोरी महतो), निवासी ग्राम- बरबीघी, थाना- बलिया, जिला- बेगूसराय के रूप में हुई है। बालेश्वर महतो इस अवैध फैक्ट्री के संचालन में मुख्य भूमिका निभा रहा था।


बलिया थाने को सुपुर्द किए गए आरोपी, आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस

सफल छापेमारी के बाद तीनों अभियुक्तों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर सुरक्षित रूप से बलिया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों के पुराने आपराधिक इतिहास (क्रिमिनल रिकॉर्ड) का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मिनी गन फैक्ट्री से निर्मित हथियार बिहार के किन-किन जिलों और गिरोहों को सप्लाई किए जा रहे थे।


अनिल की रिपोर्ट