Bihar News : बेगूसराय में राजद विधायक बोगो सिंह ने शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, भाषण के बीच ही कार्यक्रम छोड़ निकले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Bihar News : राजद विधायक बोगो सिंह ने आरोप लगाया की बेगूसराय के सरकारी स्कूलों में शिक्षा गुणवत्ता जीरो है. जिसके बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज राज सिंह मंच छोड़कर चले गए......पढ़िए आगे

कार्यक्रम छोड़कर निकले सांसद - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : बेगूसराय में आयोजित एक पब्लिक स्कूल सेमिनार के दौरान उस समय सियासी सरगर्मी बढ़ गई, जब मटिहानी से आरजेडी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने मंच से जिले की लचर सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि बेगूसराय में सरकारी विद्यालयों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। विधायक ने उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे वह गोरगामा +2 विद्यालय हो या फिर महना बालिका +2 विद्यालय, हर जगह बदहाली का आलम है। स्थिति इतनी खराब है कि अब गरीब और आम बच्चे भी मजबूरन सरकारी स्कूलों को छोड़कर निजी विद्यालयों का रुख कर रहे हैं।

बोगो सिंह जब मंच से सरकारी व्यवस्था की कमियों को उजागर कर रहे थे, ठीक उसी दौरान मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह अचानक अपनी सीट से उठे और कार्यक्रम छोड़कर चले गए। केंद्रीय मंत्री का इस तरह भाषण के बीच से उठकर चले जाना वहां मौजूद हर शख्स के लिए हैरान करने वाला था। गिरिराज सिंह के मंच से उतरते ही सभागार में सन्नाटा खिंच गया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं और कयासबाजी का दौर शुरू हो गया।

केंद्रीय मंत्री के जाने के बाद भी आरजेडी विधायक बोगो सिंह डिगे नहीं और उन्होंने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का हवाला देते हुए इसे बेहद सामान्य बताया। बोगो सिंह ने कहा, "वह हमारे क्षेत्र के सांसद हैं और भारत सरकार के एक वज़नदार मंत्री हैं। ऐसे में उन्हें अपने क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से अवगत कराना मेरा लोकतांत्रिक धर्म और कर्तव्य है। अगर मैं जनता की आवाज को उनके सामने नहीं उठाऊंगा, तो जनता मुझे कभी माफ़ नहीं करेगी।"

विधायक ने गिरिराज सिंह के जाने पर तंज कसते हुए आगे कहा कि अगर सच कड़वा लगा और ये बातें उन्हें चुभ गईं, जिसके कारण वह मंच से उठकर चले गए, तो इसके परिणाम भी उन्हें भुगतने होंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है और समय आने पर जनता सबको ठीक कर देती है। दरअसल, यह पूरा वाकया 'गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में निजी विद्यालयों की भूमिका' विषय पर आयोजित एक सेमिनार के दौरान हुआ, जहां सरकारी और निजी शिक्षा के स्तर पर खुलकर बहस हो रही थी।

इस हाई-प्रोफाइल घटनाक्रम के बाद बेगूसराय की राजनीति में भूचाल आ गया है। आम जनता और राजनीतिक गलियारों में इस पूरे विवाद को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ बोगो सिंह के समर्थक इसे जनता के हक की लड़ाई और बेबाक आवाज बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई लोग और राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावों को देखते हुए एक सोची-समझी 'सियासी स्टंट' का हिस्सा भी करार दे रहे हैं। बहरहाल, शिक्षा के नाम पर शुरू हुई यह जंग अब पूरी तरह से सियासी रंग ले चुकी है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट