Bihar News: पंडई नदी बनी काल, दोस्तों संग नहाने गया 15 वर्षीय रेहान गहरे पानी में समाया, तीन घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। ...

पंडई नदी बनी काल- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। पंडई नदी में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना खैरवा टोला स्थित पंडई नदी की है, जहां दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में लापता हो गया।

मृतक किशोर की पहचान जुल्फकार अंसारी के 15 वर्षीय पुत्र रेहान अंसारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रेहान अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचा था। सभी दोस्त पानी में खेल रहे थे, तभी अचानक रेहान गहरे हिस्से में चला गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे जमा हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और राजस्व अधिकारी अशोक कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई है, ताकि जल्द से जल्द नदी में डूबे किशोर की तलाश की जा सके।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि घटना के करीब तीन घंटे बाद भी किशोर का पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है।इस हादसे के बाद रेहान के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, ऐसे में प्रशासन को नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

रिपोर्ट- आशीष कुमार