Bihar News : विकास के दावों के बीच बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे दोन के 22 गांव, ग्रामीणों ने पटना में पोस्टर लगा CM सम्राट चौधरी से लगाई गुहार

Bihar News : पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर विधानसभा अंतर्गत दोन इलाके के 22 गांवों के लोग आज के आधुनिक दौर में भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस मामले को लेकर लोगों ने पटना में पोस्टर लगाया है......पढ़िए आगे

विकास से दूर - फोटो : SOCIAL MEDIA

BETTIAH : बिहार सरकार सूबे के तमाम जिलों में बेहतर विकास के दावे करती है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने हर सियासी मंच से इस बात का दंभ भरते हैं कि एनडीए की सरकार आने के बाद बिहार में विकास की रफ्तार तेज हुई है। लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

पश्चिम चंपारण के रामनगर विधानसभा क्षेत्र के दोन इलाके के 22 गांव आज भी विकास के पैमाने से कोसों दूर हैं। इन गांवों में आज भी न सड़क है, न बिजली, न पीने के पानी की बेहतर सुविधा और न ही मोबाइल नेटवर्क की व्यवस्था है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से परेशान ग्रामीणों ने अब सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से गुहार लगाई है। ग्रामीणों की मांग है कि उनके इलाके में सड़क, बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं बहाल की जाएं।

इसी मांग को लेकर पटना के विभिन्न चौराहों पर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर के जरिए मुख्यमंत्री से विनती की गई है कि "कृपया अपने आशीर्वाद से दोनवासियों को मूलभूत सुविधा दें।"

राजधानी में लगे इन पोस्टरों ने सरकार के विकास के दावों की पोल खोल कर रख दी है। जब राजधानी में ही इस तरह के पोस्टर लग रहे हैं तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि दूरदराज के इलाकों की स्थिति क्या होगी।