Bettiah Gold Loot: दिनदहाड़े संत जोसेफ स्कूल के पास सेंको गोल्ड में भीषण डकैती, डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे
बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बुधवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट की। पुलिस जांच जारी है, डीआईजी-एसपी मौके पर।
बिहार के बेतिया शहर के व्यस्त सुप्रिया रोड स्थित 'सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स' शोरूम में बुधवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया. यह सनसनीखेज वारदात दोपहर करीब 12:30 बजे संत जोसेफ स्कूल के ठीक सामने स्थित शोरूम में हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे आठ हथियारबंद बदमाश शोरूम में घुसे और हथियार के बल पर करोड़ों रुपये के सोने-हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार लूटे गए गहनों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये होने की आशंका है। हालांकि, लूटे गए कुल गहनों की वास्तविक मात्रा और उनकी कुल कीमत का सटीक आकलन अभी सामने नहीं आ सका है। दिनदहाड़े सुप्रिया रोड़ के व्यस्त एनएच किनारे स्थित गोल्ड शोरूम में हुई इस बड़ी वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
हथियारों के दम पर शोरूम में खौफ का माहौल
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बेखौफ अपराधी हाथों में बंदूकें लेकर सीधे शोरूम के अंदर दाखिल हुए थे। शोरूम के भीतर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी। दिन के वक्त शहर के इतने व्यस्त व्यावसायिक इलाके में इस तरह की दुस्साहसिक वारदात से आसपास के दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में भारी दहशत फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
डीआईजी और एसएसपी ने संभाली कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी हरकिशोर राय और एसपी कुमार गौतम तुरंत मौके पर पहुंचे. दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और शोरूम के कर्मचारियों से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस प्रशासन ने अपराधियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष छानबीन शुरू कर दी है। शहर के सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज बने जांच का मुख्य आधार
पुलिस के लिए इस मामले की गुत्थी सुलझाने में शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सबसे अहम साबित हो रहे हैं। पुलिस की टीमें फुटेज को खंगालने में जुटी हैं ताकि अपराधियों के चेहरे स्पष्ट हो सकें और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, शोरूम प्रबंधन की तरफ से लूटे गए आभूषणों की एक आधिकारिक सूची तैयार की जा रही है, जिससे नुकसान के सही आंकड़े का पता चल सके. पुलिस इस मामले में जल्द ही एक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी करने की तैयारी में है।
अगस्त 2025 में ही हुआ था शोरूम का उद्घाटन
आपको बता दें कि सुप्रिया रोड पर स्थित 'सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स' का यह शोरूम कुछ ही समय पहले अगस्त 2025 में खुला था। उस समय इसे बिहार में इस प्रतिष्ठित ब्रांड का सातवां शोरूम बताया गया था. लगभग चार हजार वर्गफीट से भी अधिक बड़े क्षेत्रफल में फैले इस आधुनिक शोरूम में सोने, हीरे, चांदी और कई अन्य प्रीमियम डिजाइनर आभूषणों का शानदार संग्रह उपलब्ध कराया गया था, जो शहर के ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र था।