Bihar Politics: SIR पर सियासी संग्राम तेज! कांग्रेस पर डॉ. संजय जायसवाल का तीखा हमला, कहा- जनता अब बहकावे में नहीं आएगी
Bihar Politics: बिहार की सियासत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर घमासान तेज होता नजर आ रहा है।
Bihar Politics: बिहार की सियासत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर घमासान तेज होता नजर आ रहा है। पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि SIR लोकतंत्र को मजबूत बनाने और मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने की जरूरी प्रक्रिया है। विपक्ष बेवजह जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब लोग कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं हैं।दरअसल, डॉ. संजय जायसवाल ने आज SIR को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और पूर्व मंत्री नारायण साह भी मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची में हर पात्र नागरिक का नाम होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही अपात्र नामों को हटाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि SIR की प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा और पूरा काम चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में अच्छे चुनाव कराने को लेकर चुनाव आयोग की सराहना करती है, वहीं दूसरी तरफ जहां कांग्रेस की सरकार नहीं बनती, वहां SIR प्रक्रिया का विरोध करने लगती है। डॉ. जायसवाल ने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति करार दिया और कहा कि जनता अब इस सियासी चाल को समझ चुकी है।
SIR को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से डॉ. संजय जायसवाल ने 22 नवंबर को पूरे भारत में भव्य पदयात्रा आयोजित करने की घोषणा की। इस अभियान के जरिए लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जागरूक किया जाएगा। वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और पूर्व मंत्री नारायण साह ने भी कहा कि भाजपा और एनडीए का संकल्प है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए सरकार और संगठन मिलकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।
रिपोर्ट- आशीष कुमार