Chhath Puja: छठ घाटों के निरीक्षण पर निकले केंद्रीय मंत्री सतीशचंद्र दुबे, नरकटियागंज से बगहा तक तैयारियों का लिया जायजा

Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

छठ घाटों का जायजा - फोटो : ASHISH

Chhath Puja: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके मद्देनजर केंद्रीय मंत्री सतीशचंद्र दुबे ने नरकटियागंज, रामनगर और बगहा के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, परंपरा और संस्कृति का अनूठा प्रतीक है। दुनिया में अधिकांश जगहों पर उगते सूरज को अर्घ्य दिया जाता है, लेकिन छठ ऐसा पर्व है, जिसमें बिहारी डूबते हुए सूरज को भी पूरी श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित करते हैं। यही इस महापर्व की सबसे बड़ी खासियत और आध्यात्मिक पहचान है।

उन्होंने बताया कि नरकटियागंज के चीनी मिल घाट, धूमनगर और पोखरा चौक समेत कई प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद रामनगर के तीन-चार घाटों और बगहा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न घाटों की व्यवस्था देखी जाएगी। लौरिया में सीताराम मंदिर और लउर बाबा स्थान के समीप स्थित घाट का भी जायजा लेने की योजना है। उनकी कोशिश अधिक से अधिक घाटों तक पहुंचकर तैयारियों की वास्तविक स्थिति जानने की है।

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार नगर परिषदों के माध्यम से छठ पूजा की तैयारियों में पूरा सहयोग कर रही है। नरकटियागंज में स्थानीय लोगों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। चीनी मिल घाट पर नदी के दोनों पाटों को जोड़कर सेतु के जरिए भव्य आयोजन की तैयारी की जाती है। इसमें चीनी मिल प्रबंधन और युवा कमेटी की अहम भूमिका रहती है।

इस अवसर पर उन्होंने युवा कमेटी, चीनी मिल के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और छठ व्रतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी लोग आपसी सहयोग और श्रद्धा के साथ महापर्व मनाएंगे।

रिपोर्ट- आशीष कुमार