Bihar News : बेतिया में छठ घाट पर डीजे और झांकी को लेकर हिंसक झड़प, लगातार तीसरे दिन चले ईंट-पत्थर, चार लोग हुए जख्मी

Bihar News : प• चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र की देउरवा पंचायत स्थित पंडापट्टी गांव में छठ घाट पर डीजे बजाने और राधा-कृष्ण की झांकी निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

लगातार तीसरे दिन दो पक्षों में हिंसक झड़प- फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र स्थित देउरवा पंचायत के पंडापट्टी गांव में छठ घाट पर डीजे बजाने और राधा-कृष्ण की झांकी निकालने को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मंगलवार शाम लगातार तीसरे दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पत्थरबाजी में चार लोग हुए घायल

इस हिंसक झड़प और पत्थरबाजी की घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में वीरू पंडा, कामेश्वर पंडा, ओमेंद्र पंडा और प्रकाश पंडा के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया है।

डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, संध्या अर्घ्य के दिन एक पक्ष द्वारा डीजे के साथ झांकी निकाली गई थी, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी डीजे बजाया जा रहा था। झांकी में व्यवधान उत्पन्न होने पर डीजे बंद कराने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो पहले दिन शांत होने के बाद अगले दो दिनों तक लगातार पत्थरबाजी और तनाव में बदलती चली गई।

भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे वरीय अधिकारी

मंगलवार को दोबारा तनाव बढ़ने पर लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने वरीय अधिकारियों को मामले की सूचना दी। इसके बाद प्रभारी डीएसपी अतनु दत्ता, सीओ आशु रंजन सहित साठी, शनिचरी और शिकारपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज, स्थिति नियंत्रण में

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और थाने बुलाकर बातचीत की। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है, फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

आशीष की रिपोर्ट