West Champaran news: बहन को बचाने गई थी, खुद भी नहीं लौटी... पश्चिम चंपारण की दर्दनाक कहानी

West Champaran news: पश्चिम चंपारण के सिकटा में दर्दनाक हादसा, सिकटा नदी के बाढ़ के पानी में डूबने से दो मौसेरी बहनों की मौत। छोटी बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन पानी में कूदी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।

West Champaran news: पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मौसेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना हसनपुरा गांव के पास सिकटा नदी में आई बाढ़ के फैले पानी में हुई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान 18 वर्षीय गुलशन खातून और 12 वर्षीय जिया फिरदौस के रूप में हुई है। गुलशन खातून सिकटा थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव निवासी अली हुसैन अंसारी की बेटी थी, जबकि जिया फिरदौस चनपटिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी स्वर्गीय अरमान अंसारी की बेटी थी। जिया अपने मौसा सदा हुसैन के घर हसनपुरा में रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें शुक्रवार सुबह नहाने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान वे सिकटा नदी में बाढ़ के कारण फैले पानी के पास पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण छोटी बहन जिया फिरदौस डूबने लगी। उसे बचाने के लिए बड़ी मौसेरी बहन गुलशन खातून तुरंत पानी में कूद गई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी पानी में समा गई। देखते ही देखते दोनों बहनें डूब गईं।

गोताखोरों की मदद से शव पानी से बाहर निकाले गए

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। हादसे की खबर मिलते ही सिकटा थाना अध्यक्ष नितीश कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इलाके की नदियां, नाले, पोखर और गहरे गड्ढे पानी से भर गए हैं। सिकटा नदी में भी बाढ़ का पानी फैला हुआ है, जिससे कई जगहों पर खतरा बढ़ गया है।

प•चम्पारण बेतिया आशिष कुमार