भागलपुर में दिखा रक्षाबंधन का अनोखा रूप, मासूम पीहू ने भगवान श्रीकृष्ण को बांधी राखी
Bhagalpur : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जहां पूरे शहर में भाई-बहन के प्रेम का उत्सव धूमधाम से मनाया गया, वहीं भागलपुर के खंजरपुर इलाके में एक अनोखा और भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। यहां भक्ति और आस्था का ऐसा अनुपम संगम नजर आया, जिसकी चर्चा अब पूरे क्षेत्र में कौतुहल का विषय बनी हुई है।
मासूम पीहू ने भगवान श्रीकृष्ण को बांधी राखी
खंजरपुर निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष आलोक सिंह बंटू की नन्हीं सुपुत्री काव्या सिंह उर्फ पीहू ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना भाई मानते हुए उन्हें राखी बांधकर एक अनूठी मिसाल पेश की। छोटी सी पीहू ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान कृष्ण की मूर्ति के समक्ष दीया जलाया, आरती उतारी और बड़े ही प्रेम व भक्ति भाव से उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा।
हर त्योहार कृष्ण जी के साथ मनाती है मासूम
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष आलोक सिंह बंटू ने बताया कि उनकी पुत्री पीहू का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति बचपन से ही विशेष लगाव और अटूट श्रद्धा है। वह घर में आयोजित होने वाला हर त्यौहार कृष्ण जी के साथ ही मनाती है। रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर लड्डू गोपाल के प्रति बच्ची का यह असीम प्रेम देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग भावुक हो गए।
भक्ति और विश्वास का अटूट बंधन
कार्यक्रम के दौरान मौजूद भागलपुर विधानसभा प्रभारी प्राणिक वाजपेयी ने बच्ची की इस अनोखी पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केवल कलाई पर रक्षासूत्र बांधना भर नहीं है, बल्कि यह ईश्वर के प्रति निश्छल भक्ति, समर्पण और अटूट विश्वास का जीवंत प्रमाण है। पीहू की यह भक्ति हर किसी के दिल को छू लेने वाली है।
पूरे इलाके में चर्चा
रक्षाबंधन के दिन भगवान कृष्ण को रक्षासूत्र बांधने की इस घटना ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। खंजरपुर और आसपास के क्षेत्रों में बच्ची के इस भक्तिभाव की हर कोई तारीफ कर रहा है। मासूम पीहू द्वारा निभाई गई इस अनूठी परंपरा ने रक्षाबंधन के इस पावन पर्व में धार्मिक आस्था और आत्मीयता का नया रंग घोल दिया है।
बालमुकुंद की रिपोर्ट