बिहार को मिली एक और अमृत भारत एक्सप्रेस, भागलपुर से अहमदाबाद के बीच ट्रेन, जानें टाइम टेबल और स्टॉपेज

रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (19423) प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे रवाना होगी और करीब 36 घंटे के सफर के बाद शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

Bhagalpur-Ahmedabad Amrit Bharat Express- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। यह ट्रेन भागलपुर को सीधे गुजरात के अहमदाबाद से जोड़ेगी। सप्ताह में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन का परिचालन 26 अगस्त से शुरू होगा। अहमदाबाद से ट्रेन की पहली यात्रा 26 अगस्त को होगी, जबकि भागलपुर से इसकी पहली वापसी सेवा 28 अगस्त को चलेगी।


रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (19423) प्रत्येक बुधवार को अहमदाबाद से शाम 6:30 बजे रवाना होगी और करीब 36 घंटे के सफर के बाद शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वापसी में भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस (19424) प्रत्येक शुक्रवार को शाम 4:45 बजे भागलपुर से रवाना होगी और रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।


करीब 1976 किलोमीटर का होगा सफर

अहमदाबाद और भागलपुर के बीच यह ट्रेन दोनों दिशाओं में करीब 1976 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा पूरी करने में लगभग 36 घंटे का समय लगेगा। सप्ताह में एक दिन मिलने वाली इस सेवा से बिहार और गुजरात के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

अहमदाबाद से भागलपुर के बीच ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें आणंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज शामिल हैं। ट्रेन की अंतिम मंजिल भागलपुर होगी। वापसी में भी यह ट्रेन इसी रूट के प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए अहमदाबाद पहुंचेगी।


22 डिब्बों का होगा अमृत भारत रैक

अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 एलएचबी डिब्बे होंगे। इनमें 11 शयनयान श्रेणी, 8 सामान्य श्रेणी, एक पेंट्री कार और दो एसएलआरडी यानी गार्ड/दिव्यांगजन सह लगेज कोच शामिल होंगे।


गुजरात-बिहार के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर

भागलपुर से अहमदाबाद के बीच सीधी अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से बिहार के भागलपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को गुजरात जाने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। इससे अहमदाबाद के अलावा रास्ते में पड़ने वाले राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से भी सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।