भागलपुर में रफ्तार का कहर, बाइक सवारों को अज्ञात ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, बच्चे की मौत से मचा बवाल
Bihar News: भागलपुर में बाईपास के पास मोटरसाइकिल सवार लोगों को एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
Bihar News:भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर देखने को मिला। रविवार सुबह करीब 5:56 बजे भतोरिया बाईपास के पास मोटरसाइकिल सवार लोगों को एक अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।दुर्घटना की सूचना मिलते ही 102 मुफ्त एंबुलेंस सेवा की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को रेस्क्यू किया और मृत बच्चे के शव को भी आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया।
102 एंबुलेंस के क्लस्टर लीडर के अनुसार, भतोरिया बाईपास के पास सड़क हादसे की सूचना मिलते ही टीम को रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि भतोरिया बाईपास के आसपास लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और प्रभावी निगरानी के लिए ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं।स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, निगरानी और गति नियंत्रण की व्यवस्था जरूरी है।
वहीं जिला परिवहन विभाग में अधिकारियों की तैनाती और प्रभार व्यवस्था को लेकर भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि विभाग में कई MVI अधिकारी हैं, जबकि जिला परिवहन पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार खगड़िया के अधिकारी के पास है। ऐसे में सड़क सुरक्षा की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान में जुटी है। वाहन और चालक के पकड़े जाने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। लगातार हो रहे हादसों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन दुर्घटना संभावित इस इलाके में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था कब लागू करेगा।
रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार